
संवाददाता
गाजियाबाद । जिला स्वास्थ्य विभाग के अथक प्रयास के बाद भी आयुष्मान कार्ड बनाने का आंकड़ा लक्ष्य को नहीं छू पा रहा है। अब एक बार फिर से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अभियान चलेगा। यह अभियान अक्टूबर माह के राशन वितरण होने वाली 10 से 15 तारीख के बीच चलाया जाएगा। इस बार यह विशेष अभियान राशन की दुकान पर चलाया जाएगा, जहां स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहेंगे।
क्या है पूरी योजना
भारत सरकार द्वारा छह या उससे अधिक सदस्यों वाले परिवार को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किए जाने के बाद, लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। कुल 4.30 लाख नए अभ्यर्थियों के आयुष्मान कार्ड बने हैं। पूर्व में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए गए अभियान में 1.80 लाख कार्ड ही बन बन सके थे। सीएमओ डॉक्टर भवतोष शंखधर ने बताया कि अक्टूबर माह के राशन वितरण के समय राशन की दुकान पर लाभार्थी को पहले आयुष्मान कार्ड बनवाने और उसके बाद राशन प्राप्त करने के लिए कहा जाएगा। इसके लिए सभी 550 राशन दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
10 से 15 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
कर्मचारियों की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से अन्य विभागों से भी सहयोग प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में एएनएम और ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉक्टर चरण सिंह ने बताया आयुष्मान कार्ड बनाने में आपूर्ति विभाग का सहयोग लिया जाएगा। अक्टूबर माह के राशन का वितरण 10 से 15 तारीख के बीच होगा। सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी राशन की दुकानों पर लगाई जाएगी। आयुष्मान कार्ड आयुष्मान भारत योजना से संबंध सरकारी और निजी चिकित्सालय में हर वर्ष लाभार्थी परिवार को 5 लाख तक के निशुल्क उपचार की सुविधा देता है।