
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस ने बुधवार सुबह 5 बजे मुठभेड़ में दो गोकशों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक आरोपी को पैर में गोली भी लगी है। आरेापियों से पशु काटने के औजार बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी शहर में घूमने वाले आवारा गोवंश को उठाकर जंगलों में ले जाकर काट देते थे।
ACP अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया, मधुबन बापूधाम थाने की पुलिस बापूधाम मटियाला मोड़ पर गश्त कर रही थी। इस दौरान दो बाइकों पर सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों नहीं रुके और पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया और आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली जा लगी। उसकी पहचान जीशान निवासी गांव नाहल, थाना मसूरी के रूप में हुई। जबकि उसका पकड़ा गया साथी जावेद है। दोनों आरेापियों से चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे, कारतूस, दो गंडासे और एक रस्सी बरामद हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया, 7-8 दिन पहले गोविंदपुरम कूड़ेदान के पास घूम रहे एक गोवंश को पकड़कर वे मटियाला गांव के जंगलों में ले गए और उसे काट दिया था। आरोपियों से जो बाइक बरामद हुई है, वो उन्होंने दिल्ली-मेरठ रोड पर मारूति शोरूम के पास से चुराई थी। आरोपी जीशान के विरुद्ध गाजियाबाद में गोवध अधिनियम के तीन और जावेद पर एक मुकदमा दर्ज है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।