
गाजियाबाद। हिंडन सिविल टर्मिनल से हुबली के साथ ही अब लखनऊ के लिए भी उड़ान शुरू होगी। गाजियाबाद से लखनऊ रूट पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से सहमति बन गई है। अब मंत्रालय इस रूट के लिए विभिन्न एविएशन एजेंसियों से वार्ता कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त के पहले सप्ताह में हिंडन सिविल टर्मिनल से कर्नाटक के हुबली के साथ लखनऊ की भी उड़ान शुरू हो सकती है।
दिल्ली से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट में सबसे ज्यादा मारामारी रहती है। गाजियाबाद नोएडा के अलावा बड़ी संख्या में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लोग उत्तर प्रदेश अपने काम से आते-जाते हैं। ट्रेनों में सीट फुल होने से अधिकतर लोग दिल्ली से फ्लाइट से जाने पसंद करते हैं। हिंडन सिविल टर्मिनल से लखनऊ की उड़ान शुरू होने से इस क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। इससे लोगों का दिल्ली एयरपोर्ट जाने का समय बच जाएगा। एडीएम वित्त सुनील कुमार की मानें तो एयरपोर्ट ऑथरिटी के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक हिंडन सिविल टर्मिनल से लखनऊ रूट के लिए एनओसी मिल गई है। हुबली के साथ यहां से लखनऊ की उड़ान भी शुरू की जा सकती है।
इन स्थानों के लिए उड़ान का है प्रस्ताव : नासिक, पिथौरागढ़, कन्नुर, हुबली, फैजाबाद, शिमला, जामनगर, कालाबुर्जी।



